होटल में घुसकर बदमाशों ने भाइयों को पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मामला

भोपाल: नरसिंहपुर से मां का इलाज कराने भोपाल आए दो भाइयों के साथ प्रभात चौराहे के पास स्थित होटल में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की. मंगलवार को ऐशबाग पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा निवासी फरियादी टीकाराम राजपूत (36) ने शिकायत दर्ज कराई है. टीकाराम ने पुलिस को बताया कि वह खेती-किसानी करते हैं. 23 अक्टूबर को वह अपनी मां इंद्राबाई का इलाज कराने भाई रोहित और राजेंद्र के साथ भोपाल आए थे. उनकी मां का इलाज प्रभात चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है. वे अस्पताल के सामने स्थित एक होटल में कमरा लेकर रुके हुए हैं.
टीकाराम के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात वह और राजेंद्र कमरे में सो रहे थे. तभी मुंह पर कपड़ा बांधे कुछ अज्ञात बदमाशों ने दरवाजा खटखटाया. दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की. शोर मचाने पर बदमाश मौके से भाग निकले. इसके बाद घायलों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. ऐशबाग पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.

Next Post

भाषा, परम्परा अलग हो सकती है लेकिन कला नहीं: डॉ.राजेश

Tue Oct 27 , 2026
कुसमी : म.प्र. शासन के शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन सीधी के संयुक्त सहयोग से कुसमी ब्लॉक के पीएमश्री उच्च.माध्य. विद्यालय टमसार में 3 दिवसीय नगाड़ा उत्सव का समापन सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य, धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम की अध्यक्षता, जिपं सदस्य हीराबाई सिंह, पुलिस […]

You May Like