दिनदहाड़े गमछाधारी नकाबपोशों ने दंपत्ति से की 68 हजार की लूट

मझौली (सीधी)। मझौली थाना अंतर्गत देवरी के पास आज दोपहर करीब 2:00 बजे चार अज्ञात नकाबपोश लुटेरों ने एक दंपती पर हमला कर 68 हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया।
रेलवे स्टेशनों का कलेक्शन जमा करने जा रहे थे पीड़ित
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अशोक जायसवाल सिंगरौली से अपनी मोटरसाइकिल पर पत्नी के साथ आ रहे थे। वे विभिन्न रेलवे स्टेशनों से कुल 68 हजार रुपये का कैश कलेक्शन लेकर भारतीय स्टेट बैंक की मझौली शाखा में जमा करने जा रहे थे।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार
पीड़ित दंपती जैसे ही देवरी के पास पहुंचे, तभी चेहरे पर गमछा बांधे चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। लुटेरों ने अशोक जायसवाल और उनकी पत्नी पर अचानक हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट करते हुए 68 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस घटनास्थल से आने-जाने वाले सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

इनका कहना है

आज दोपहर करीब 2:00 बजे थाना मझौली अंतर्गत देवरी क्षेत्र में एक लूट की घटना संज्ञान में आई है। पीड़ित अशोक जायसवाल सिंगरौली से अपनी मोटरसाइकिल से पत्नी सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों का कैश कलेक्शन लेकर भारतीय स्टेट बैंक, मझौली शाखा में जमा करने आ रहे थे। रास्ते में देवरी के पास चार अज्ञात गमछा बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और 68 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई हैं, जो आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। घटनास्थल और उसके आसपास के आने-जाने वाले सभी मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विशाल शर्मा
थाना प्रभारी, थाना मझौली

Next Post

ग्वालियर में घरेलू गैस के दुरुपयोग पर कार्रवाई, 20 सिलेंडर जब्त

Tue Oct 27 , 2026
ग्वालियर। जिले में घरेलू रसोई गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए खाद्य विभाग का विशेष अभियान जारी है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर मंगलवार को विभागीय टीम ने फूलबाग चौपाटी, गुरुद्वारा चौपाटी और गुड़ा गुड़ी नाका क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सात प्रतिष्ठानों से 20 घरेलू गैस सिलेंडर […]

You May Like