देवास: ग्राम चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में कथित रूप से शराब के सेवन के बाद हुई मौतों का मामला सामने आने के बाद राजनीति तेज हो गई है। प्रशासन ने सभी मौतों को शराब से नहीं बल्कि अन्य कारणों से होना बताया है, लेकिन मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। विपक्षी दल के नेता लगातार गांव का दौरा कर रहे हैं। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन पर जमकर आरोप लगाए और साफ तौर पर कहा कि ये मौतें सामान्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में अवैध शराब का व्यापार चल रहा है। अवैध शराब प्रशासन की शह पर बिक रही हैं। शराब माफिया को खुला संरक्षण है। देवास में लोग शराब से मर रहे हैं, लेकिन प्रशासन पानी के सैंपल ले रहा है। इस प्रकरण में दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाया जाना चाहिए और अगर एफआईआर नहीं होती है तो मैं 50 हजार लोगों को जुटाकर देवास से उज्जैन तक पदयात्रा करूंगा। विसरा जांच रिपोर्ट में भी अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों को चुनौती देते हुए पटवारी ने कहा कि देवास जिले का एक भी गांव ऐसा बता दें कि जहां अवैध रूप से शराब ना बिकती हो, तो राष्ट्रपति पुरस्कार दिलवाएंगे। लोग जान गवां रहे हैं और प्रशासन जांच ही कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने शराब पी है उनकी मौत हुई, इससे बड़ा सबूत क्या चाहिए।
धरना व रैली में मृतकों की तस्वीर लेकर परिजन भी शामिल हुए। कलेक्टर कार्यालय के घेराव के दौरान पुलिस ने गेट पर टू लेयर बेरिकेडिंग कर रखी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस पर चढ़कर नारेबाजी की, फिर मुख्य सड़क पर भी बैठ गए।
प्रदेश अध्यक्ष पटवारी के उद्बोधन से पूर्व जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रयास गौतम और जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली गई। कांग्रेस प्रवक्ता हारिस गजधर ने बताया कि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कहा कि तमाम साक्ष्य मिलने के बाद भी समुचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रशासन की व्यवस्था दबाव में काम कर रही है।
प्रदर्शन रैली में मुख्य रूप से जिला प्रभारी विनय बाकलीवाल, सुरेंद्रसिंह शेरा, राजेंद्र मालवीय, जयसिंह ठाकुर, गुरुचरण सिंह सलूजा, शौकत हुसैन, मनोज राजानी, राजवीर सिंह बघेल, श्रुति बघेल, संगठन महासचिव जितेंद्र सिंह गौड़, जाहिद पठान, ब्लॉक अध्यक्ष ईशान राणा, रूपेश कल्याणे आदि उपस्थित रहें।
