झाबुआ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झाबुआ द्वारा विजयादशमी के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष निकाला जाने वाला पथ संचलन इस वर्ष भी नगर में आयोजित किया गया। इस दौरान नगर की विभिन्न आठ बस्तियों से पथ संचलन निकाला गया, जिसका समागम राजवाड़ा चौक पर हुआ। बेहद अनुशासित ढंग से आयोजित इस पथ संचलन में स्वयंसेवक बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए आगे बढ़ रहे थे। नगर में जगह-जगह नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के लिए लोगों ने विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं और स्वागत द्वार भी सजाए।
नगर की आठ बस्तियों से निकला पथ संचलन राजवाड़ा चौक पर एकत्रित हुआ। इनमें झाबुआ ग्रामीण के दिलीप गेट क्षेत्र सहित संत रविदास बस्ती, महाराणा प्रताप बस्ती, महावीर बस्ती, शिवाजी बस्ती, आजाद बस्ती तथा झाबुआ ग्रामीण बस्ती के स्वयंसेवक शामिल रहे।
राजवाड़ा चौक से सभी स्वयंसेवक पथ संचलन करते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे, जहां बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के जिला प्रचारक रजत चौहान, जिला संघचालक मानसिंह भूरिया तथा मुख्य अतिथि डॉ. राजीव परमार उपस्थित रहे।
