
हैदराबाद, 27 अक्टूबर (वार्ता) दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) ने चक्रवात ‘अर्नब’ को देखते हुए यात्रियों के लिए यात्रा परामर्श जारी किया है। गौरतलब है कि इस चक्रवात के कारण तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम की स्थिति और सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए ट्रेन सेवाओं को रद्द किया जा सकता है, उनका मार्ग बदला जा सकता है या उनके समय में बदलाव किया जा सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर के लिए खम्मम, भद्राद्री कोठागुडेम, मुलुगु और महबूबाबाद जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को वारंगल, हनुमाकोंडा, सूर्यपेट और नलगोंडा में भारी बारिश होने का अनुमान है। अनुमान है कि यह चक्रवात 28 अक्टूबर की सुबह एक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के पास से गुजरेगा।
एससीआर के महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने सिकंदराबाद के मंडल रेल प्रबंधक आर. गोपालकृष्णन और अन्य अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
समीक्षा में संवेदनशील रेलवे खंडों और पुलों, गश्ती व्यवस्था, जल स्तर, आपातकालीन उपकरण और काजीपेट और डोर्नकल में दुर्घटना राहत ट्रेनों और चिकित्सा उपकरणों की तैयारी को शामिल किया गया। महाप्रबंधक ने सभी संबंधित विभागों को यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा के लिए हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया।
यात्रियों को सलाह दी गयी है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी), रेलवन, एनटीईएस या रेलवे पूछताछ नंबर 139 के माध्यम से ट्रेन की स्थिति की जांच करें। रद्दीकरण, मार्ग परिवर्तन और पुनर्निर्धारण पर अपडेट भी आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जायेगा और रेलवे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों और आधिकारिक एससीआर वेबसाइट के माध्यम से प्रसारित किया जायेगा।
एससीआर की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, यात्री जानकारी के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन से भी संपर्क कर सकते हैं।
