इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। महज 16 साल का किशोर दोस्त के साथ जिम जाने निकला था, लेकिन रास्ते में स्कूल वैन से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।कनाड़िया पुलिस के अनुसार गुलमर्ग परिसर निवासी यश पांचाल (16) पिता शंकरलाल, मंगलवार सुबह अपने दोस्त वंश के साथ घर से जिम जाने निकला था।
वह पिता की बाइक लेकर निकले और घर वालों से कहा था कि 10 मिनट में लौट आएंगे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक का सामना स्कूल वैन नंबर एमपी-51 जीपी 0166 से हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बाइक पर उसके साथ बैठा दोस्त वंश बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद स्कूल वैन चालक ने समझदारी दिखाते हुए घायल यश को अपनी वैन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
