नयी दिल्ली 23 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सीमा से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए भारत और चीन के विशेष प्रतिनिधियों की 25 वें दौर की बैठक में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को बीजिंग रवाना होंगे।
सूत्रों के अनुसार वह चीन के विदेश मंत्री और सीमा मुद्दों पर बातचीत के लिए विशेष प्रतिनिधि वांग यी के साथ बात करेंगे। दोनों पक्षों के बीच मुख्य रूप से सीमा पर स्थिरता, सैनिकों की वापसी और तनाव कम करने के बारे में बातचीत होने की संभावना है।
दोनों देशों के बीच विशेष प्रतिनिधित स्तर की 23 वें दौर की वार्ता 2024 में बीजिंग में और 24 वें दौर की वार्ता पिछले वर्ष अगस्त में यहां हुई थी। विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता सीमा मुद्दों के समाधान के लिए वर्ष 2003 में शुरू हुई थी।
श्री डोभाल और श्री वांग के बीच इसी वर्ष जून में यहां ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के दौरान मुलाकात हुई थी।
इस बैठक को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अगले महीने यहां होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने की संभावना के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत ने कई मौकों पर स्पष्ट किया है कि भारत और चीन के बीच अच्छे द्विपक्षीय संबंधों के लिए सीमा पर शांति और स्थिरता जरूरी है।
