भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में सोमवार को प्रशासनिक भवन में शपथ ग्रहण समारोह के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 1 नवंबर तक मनाया जाएगा।
कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने महाप्रबंधकों एवं डायरेक्ट रिपोर्टिंग ऑफिसर्स (डीआरओ) को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने ईमानदारी, नैतिक आचरण और पारदर्शिता के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
केंद्रीय सतर्कता आयोग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर स्कूलों एवं कॉलेजों में आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद महाप्रबंधकों एवं विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
इस सप्ताह का उद्देश्य कर्मचारियों एवं समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। बीएचईएल भोपाल ने संगठनात्मक कार्यप्रणाली में नैतिकता एवं पारदर्शिता को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
