जबलपुर। केण्ट थाना अंतर्गत सदर में बीती रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने जुलूस में जबरन नाचने से रोकने पर एक दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, नई बस्ती कजरवारा निवासी अमन चौधरी (28) गोराबजार में अंडा-चिकन की दुकान चलाता है।
कल रात वह कजरवारा क्षेत्र से मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस के साथ ग्वारीघाट जा रहा था। रात करीब 1:15 बजे विसर्जन जुलूस जैसे ही सदर पासी चौक स्थित मछली मार्केट के सामने पहुंचा, वहां पहले से शराब पीकर खड़े शनि बघेल, गौरव यादव और अंशु झारिया जुलूस में घुसकर जबरन नाचने लगे। अमन चौधरी ने जब तीनों युवकों को शराब के नशे में हुड़दंग करने और नाचने से मना किया, तो तीनों ने पहले अमन के साथ मारपीट कर दी। शनि बघेल ने अपने पास रखा चाकू निकालकर अमन पर हमला कर दिया।
