
खंडवा। शहर में एक महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन पार्लर का काम करने वाली पीडि़ता ने छैगांवमाखन थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसका अपने पति के साथ इंदौर कोर्ट में तलाक का मामला विचाराधीन था। कोर्ट के निर्देशानुसार वे अलग रह रहे थे। इसी दौरान इंदौर से खंडवा आने-जाने के सफर में उसकी मुलाकात बस ड्राइवर आसिफ मंसूरी से हुई। बातचीत के बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया।
कई महीनों तक किया शारीरिक शोषण :शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी आसिफ उसका दूर का रिश्तेदार भी है। आरोपी ने कभी बस को रास्ते में रोककर छैगांवदेवी के पास, तो कभी पीडि़ता के प्रणाम सिटी स्थित किराए के मकान में आकर उसका शारीरिक शोषण किया। जब महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसने शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में महिला के पति ने बताया कि दोनों खंडवा के ही रहने वाले हैं। अलग-अलग धर्म का होने के कारण परिवारों की असहमति के बावजूद उन्होंने साल 2018 में लव मैरिज की थी। उनके दो बच्चे हैं। पति के अनुसार, उनके बीच एक मामूली विवाद के चलते पत्नी ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। कोर्ट के आदेश पर वे 6 महीने अलग रहे, लेकिन बाद में दोनों ने फिर से एक होने का फैसला कर लिया।
छैगांवमाखन थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी आसिफ पिता मंगतू मंसूरी, निवासी ग्राम बलवाड़ा, थाना पिपलोद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
