सत्ता में भागीदारी के लिए संगठन मजबूत करेंगे : दामोदर

ग्वालियर: बहुजन समाज की एकजुटता, आरक्षण की सुरक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर रविवार को फूलबाग मैदान में बहुजन भाईचारा सम्मेलन आयोजित किया गया। महापुरुषों पर माल्यार्पण के साथ शुरू हुए सम्मेलन में ग्वालियर-चंबल संभाग से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के नेताओं ने एससी, एसटी और ओबीसी समाज से आपसी मतभेद भुलाकर संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
सम्मेलन में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमाओं से जुड़े विवाद, ओबीसी आरक्षण और बहुजन समाज पर अत्याचार के मुद्दे उठे। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय और सम्मान के लिए संगठन को मजबूत करना जरूरी है।
सत्ता में भागीदारी से सामाजिक बदलाव संभव : तोमर
मुख्य अतिथि एमएल तोमर ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचारों को अपनाकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने ओबीसी जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाते हुए समाज से आपसी भेदभाव छोड़कर एकजुट होने की अपील की। साथ ही 26 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम में ग्वालियर-चंबल संभाग से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का आह्वान किया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील अस्तेय ने बाबा साहब और सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमाओं को उनके निर्धारित स्थानों पर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के घेराव की बात कही। मेहगांव के पूर्व प्रत्याशी भूपेंद्र कराना ने भी प्रशासन से प्रतिमाओं से जुड़े विवाद का जल्द समाधान करने और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
मुख्य वक्ता दामोदर यादव ने कहा कि बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने 6 दिसंबर को डॉ. आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर प्रदेश में बहुजन एकता यात्रा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यात्रा में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद शामिल होंगे। प्रतिमाओं से जुड़े विवाद का समाधान नहीं होने पर यात्रा का समापन ग्वालियर में कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
प्रदेश महासचिव एडवोकेट राय सिंह बौद्ध ने ओबीसी आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों की दो साल से लंबित ड्रेस राशि का भुगतान कराने और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी समाज को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा।
वोट की रक्षा के लिए एकजुट हों : विद्रोही
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही ने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी समाज को भाईचारे के साथ राजनीतिक भागीदारी बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि वोट की ताकत पहचानकर उसकी रक्षा करना जरूरी है। संगठन की मजबूती और एकजुटता से सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष कर आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है।
सम्मेलन में भीम आर्मी के जिला संयोजक विशाल क्षात्रे, महानगर अध्यक्ष राहुल बरैया, पूर्व युवा प्रदेश अध्यक्ष अनिल गुर्जर, मकरंद बौद्ध, बलवीर बौद्ध, श्रीलाल बघेल, केशव यादव, खेमराज बौद्ध, प्रदेश सचिव रामनिवास गुर्जर, मुख्य महासचिव रामप्रीत गुर्जर, प्रदेश महासचिव राहुल वाल्मीकि, जिला अध्यक्ष नरोत्तम जाटव और जिला प्रभारी ठाकुर लाल कुशवाह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Next Post

कराटे चैंपियनशिप में 600 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Mon Oct 26 , 2026
ग्वालियर: एलएनआईपीई मल्टीपर्पज हॉल में रविवार को 10वीं वॉरियर ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप-2026 संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 15 राज्यों के करीब 600 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कराटे डो डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (केडीओ) […]

You May Like