नई दिल्ली 25, अक्टूबर (वार्ता) असम राइफल्स की छठी हाफ मैराथन आगामी 22 नवंबर को शिलांग में होगी और इसमें 4,000 से अधिक धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता में 5, 10 और 21 किलोमीटर की तीन श्रेणियां होंगी। इसमें कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
असम राइफल्स ने रविवार को यहां एक कार्यक्रम में इस मैराथन की घोषणा की। इस मौके पर इस साल की दौड़ की आधिकारिक जर्सी और फिनिशर मेडल का अनावरण किया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता में 12 वर्ष से लेकर 60 वर्ष से अधिक उम्र के धावक हिस्सा ले सकेंगे। देशभर से आने वाले धावकों को शिलांग के अपर शिलांग क्षेत्र के खूबसूरत मार्ग पर दौड़ने का मौका मिलेगा। इस आयोजन में सरकार, सशस्त्र बलों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों के शामिल होने की भी उम्मीद है।
असम राइफल्स के मुख्यालय के अधिकारी कर्नल अपूर्व भटनागर, वीएसएम ने कहा कि पुरस्कार राशि बढ़ाने का उद्देश्य इस मैराथन को पूर्वोत्तर के प्रमुख खेल आयोजनों में शामिल करना है।
वर्ष 2021 में शुरू हुई यह मैराथन अब फिटनेस, एकता और सामुदायिक भावना को बढ़ावा देने वाले आयोजन के रूप में विकसित हुई है। असम राइफल्स का उद्देश्य इस दौड़ के जरिए सशस्त्र बलों के बीच स्वास्थ्य और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के साथ आम लोगों को भी फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और फिट भारत के दृष्टिकोण से भी जुड़ा है।
