
इंदौर. पलासिया चौराहे पर रॉन्ग साइड में आ रही एक बाइक सवार को रोका. जांच में पता चला कि शातिर वाहन चालक ने 44 बार चालान बनने के बाद चालान तो नहीं भरे बल्कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर वाहन चलाने लगा.
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने एक ऐसी बाइक एमपी 09 क्यूई 7801 को पकड़ा, जिसके 44 आईटीएमएस चालान पहले से ही कोर्ट में लंबित हैं. चौंकाने वाली बात यह रही कि चालानों से बचने के लिए बाइक की पीछे की नंबर प्लेट बदलकर एमपी 09 ओएफ 7801 कर दी थी. यह कार्रवाई सूबेदार सैयद काज़िम हुसैन रिज़वी की टीम द्वारा पलासिया चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान की गई. बाइक चालक चयन कुमार प्रजापत रॉन्ग साइड से आते हुए पकड़ा गया, जिसके पास वाहन के कोई दस्तावेज या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. जांच में पता चला कि बाइक कमलेश पटेल के नाम रजिस्टर्ड है और अधिकांश चालान एलआईजी, रसोमा व स्कीम 78 क्षेत्र में बने हैं. ट्रैफिक पुलिस ने बाइक को जप्त कर वाहन मालिक को सारे दस्तावेजों के साथ थाने बुलाकर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरु की.
