
जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत तालिब शाह चौक पर रविवार शाम भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वे बुरी तरह घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए । सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। हमलावर कौन है और उन्होंने किन कारणों से वारदात को अंजाम दिया है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। छानबीन जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी जब तालिब शाह चौक से गुजर रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके शरीर पर पर चाकू से कई वार किए। लहूलुहान हालत में भाजपा नेता को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उल्लेखनीय है कि मंगन सिद्दीकी पर इससे पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। पूर्व में अधारताल थाना क्षेत्र में बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला किया था। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की जा सके।
होटल कर्मचारी को मार दिया चाकू
माढ़ोताल में शराब पीने के लिए रूपए की मांग पूरी न होने पर बदमाश ने होटल कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया । पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक साहिल कुमार बर्मन 28 वर्ष निवासी शारदा मंदिर के पास आईटीआई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह के.के.होटल यादव कॉलोनी में काम करता है। मोटर सायकल से घर जा रहा था। जैन मेडिकल के पास साईड में पहुंचा तो रोड पर 4 लडक़े खड़े थे जिनमें से एक ने उसे रोककर शराब पीने के लिये रूपयों की मांग करने लगा उसने रूपये देने से मना किया तो चाकू से हमलाकर चोट पहुंचा दी।
पिता-पुत्रों से मारपीट
अधारताल थाने में मानसी रजक निवासी महाराजपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शराब पीने रूपए न देने पर उपजे विवाद पर यश अहिरवार, मंगल कोल, अभिषेक कोल, प्रिंस रजक ने उसके पिता बसंत रजक के साथ मारपीट कर दी। विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की। उसके भाई भी बीच बचाव में घायल हुआ ।
