
खिलचीपुर। मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकले 55 साल के किसान देव सिंह दांगी तीन दिन बाद बोड़ा में मिल गए. खिलचीपुर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित ढूंढ निकाला है. किसान को दो महीने पहले पैरालिसिस हुआ था, जिससे परिजन उनके घर न लौटने पर चिंतित थे. देव सिंह गुरुवार को कुंवर कोटरी गुरु महाराज के मंदिर जाने के लिए हालाहेड़ी गांव स्थित अपने घर से निकले थे. जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजन ने खुद उनकी तलाश की. कोई जानकारी न मिलने पर शनिवार शाम उनकी पत्नी जसौदा बाई ने बेटे और देवर के साथ खिलचीपुर थाने में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत ने बताया कि पुलिस ने लापता किसान देव सिंह दांगी को बोड़ा से सुरक्षित ढूंढ निकाला है. देव सिंह को करीब दो महीने पहले पैरालिसिस हुआ था, जिसका इलाज होने के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था.
