
ब्यावरा। कालीपीठ थाना पुलिस द्वारा द्वारा अपहरण एवं डकैती के प्रकरण में कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया गया. पुलिस द्वारा आरोपियों से डकैती में ले जाए गए पशु एवं अन्य मशरूका बरामद किया गया है. घटना 24 अक्टूबर की है. फरियादी रवि पिता मोहनलाल तंवर, निवासी ग्राम पाटलीकला ने थाना कालीपीठ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीते 23 अक्टूबर को सुबह करीब 8 बे बजे वह अपने पिता मोहनलाल तंवर, माता धापूबाई, बहन सविताबाई एवं भाभी पूजाबाई के साथ घर पर मौजूद था. इसी दौरान आरोपियों ने घर का मुख्य दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश किया. आरोपियों ने एकराय होकर परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की तथा घर में तोडफ़ोड़ की.
फरियादी के अनुसार, आरोपी बंटी तंवर ने उसके कानों में पहनी करीब 10 ग्राम सोने की बालियां छीन लीं, जबकि आरोपी माऊ सिंह ने उसके हाथों में पहने करीब 250 ग्राम चांदी के कड़े निकाल लिए. आरोपियों ने घर की छत पर लगी सीमेंट की टीनशेड तोडक़र नुकसान किया तथा घर का सामान बिखेर दिया. इस दौरान करीब 70 हजार की क्षति हुई. आरोपी घर में बंधे 03 भैंस, 02 छोटे पाड़ा, 01 पाड़ी, 06 बकरी, 01 घोड़ी, अनाज एवं अन्य सामान के साथ पानी की मोटर तथा फरियादी की बहन की संदूक में रखी करीब 250 ग्राम चांदी की नेवरियां भी ले गए.
मुखबिर की मदद से पकड़े आरोपी -पुलिस टीम ने सायबर सेल एवं मुखबिर तंत्र की मदद से दबिश देकर 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया. जबकि 5 आरोपी अभी फरार है. गिरफ्तार आरोपियों में बनेसिंह पिता रामप्रसाद तंवर, गुलाब सिंह पिता रामप्रसाद तंवर, बलराम पिता सुरेश बैरागी, रघुनाथ पिता चैनसिंह तंवर और मोहन पिता चैनसिंह तंवर सर्व निवासी ग्राम पाटलीकला शामिल है.
