कोतवाली पुलिस ने किया15 लाख के जेवर चोरी का खुलासा

छिंदवाड़ा, कोतवाली पुलिस ने शहर के चंदनगांव क्षेत्र में हुई करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरों की चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय आरोपी पुष्पेन्द्र उर्फ सोनू कुशवाहा 28 वर्ष निवासी सिमरिया, जिला रीवा को सिवनी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवर और 1,150 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल उसका एक साथी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, महाजन लॉन के पीछे रहने वाले संतोष फरकारे के घर में 30 सितंबर को चोरी हुई थी। फरियादी काम से बाहर गए थे और उनकी पत्नी स्कूल गई थीं। दोपहर में पत्नी घर लौटीं तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थे। इस मामले में 1 अक्टूबर को कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी से मिला सुराग

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र कुशवाहा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने रीवा, सतना, चित्रकूट, मैहर और कटनी सहित कई स्थानों पर तलाश की। बाद में सूचना मिलने पर आरोपी को सिवनी से पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विकाश उर्फ बहात्तर सिंग के साथ चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से सोने के हार, चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र का पेंडेंट, कान के झाले, चांदी की पायल, करधन, सिक्के सहित अन्य जेवर बरामद किए। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी पर आठ मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में चोरी सहित गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कुल आठ मामले दर्ज हैं। उसका साथी विकाश उर्फ बहात्तर सिंग, निवासी डांट, जिला रीवा, फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह बघेल, उपनिरीक्षक रंजीत सिंह धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक ब्रजेश रघुवंशी, आरक्षक विकास बैस, सागर डहेरिया, निक्की विश्वकर्मा, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन सिंह, आदित्य रघुवंशी और सतना साइबर सेल के दीपेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Next Post

जंगल के नाले में चल रही थी अवैध शराब बनाने की तैयारी, पुलिस ने 1500 किलो महुआ लहान किया नष्ट

Sun Oct 25 , 2026
छिंदवाड़ा/लावाघोघरी। अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लावाघोघरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम अम्बामाली के जंगल में नाले के पास अवैध शराब बनाने की सामग्री नष्ट की। पुलिस ने मौके पर लावारिस अवस्था में मिली तीन हाथ भट्ठियों से संबंधित सामग्री और करीब […]

You May Like