झाबुआ पुलिस की कार्रवाई: 19.46 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त, पिकअप से 227 पेटी बीयर बरामद

झाबुआ. झाबुआ में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ झाबुआ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पिटोल चौकी पुलिस ने इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 47 पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से माउंट कंपनी की 227 पेटी टिन बीयर जब्त की है। पुलिस के अनुसार, जब्त बीयर की मात्रा 2724 लीटर है। शराब और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन सहित कुल 19 लाख 46 हजार 376 रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 को पिटोल चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धार की ओर से एक सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक MP-09-KD-8020 में अवैध शराब भरकर पिटोल की ओर लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में माउंट कंपनी की टिन बीयर की 227 पेटियां रखी मिलीं। पुलिस ने बीयर जब्त कर ली। जब्त शराब का बाजार मूल्य 7 लाख 46 हजार 376 रुपये बताया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन भी जब्त किया। इस प्रकार शराब और वाहन सहित कुल 19 लाख 46 हजार 376 रुपये का मश्रुका जब्त किया गया।

पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 46 के तहत अपराध क्रमांक 1019/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब अवैध शराब के परिवहन से जुड़े मामले की जांच कर रही है। झाबुआ पुलिस द्वारा अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध पुलिस की सतर्कता से जोड़कर देखा जा रहा है।

Next Post

खोवा एवं मिठाई दुकानों में छापा, लिए गए नमूने

Sun Oct 25 , 2026
जबलपुर। मिलावट एवं दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय को सख्ती से रोकने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रविवार को खोवा एवं मिठाई दुकानों में छापा मारा। इस दौरान खोवा और शरद पूर्णिमा पर बनाये गये पेड़ा के नमूने परीक्षण करने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से प्राप्त […]

You May Like