भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर इस महीने अब तक 1,899 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। जिला पुलिस इकाइयों और जीआरपी ने तकनीकी विश्लेषण, सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल तथा साइबर सेल की मदद से यह कार्रवाई की।
इस अभियान में सीहोर पुलिस ने सर्वाधिक 493 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 78 लाख रुपये है। देवास पुलिस ने अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर 400 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 1.05 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 6 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में पांच राज्यों के 22 जिलों में हुई सैकड़ों मोबाइल चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।
छतरपुर पुलिस ने 256, राजगढ़ पुलिस ने 41.34 लाख रुपये मूल्य के 251, सतना पुलिस ने 245 और जबलपुर पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य के 152 मोबाइल फोन बरामद किए।
इंदौर पुलिस ने 59, दतिया पुलिस ने 30 और ग्वालियर जीआरपी ने 13 मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस ने नागरिकों से मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने तथा सीईआईआर पोर्टल पर आईएमईआई नंबर पंजीकृत कराकर मोबाइल ब्लॉक कराने और उसे ट्रेस करने की अपील की है।
