सीधी। विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में शनिवार को अहम कदम उठाया गया। ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के तहत 65 किलोमीटर लंबे रीवा-चुरहट रेलखंड का शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही चुरहट क्षेत्र के लोगों का दशकों पुराना रेल का सपना साकार हो गया।
शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रीवा-चुरहट के 65 किलोमीटर और सतना-देवेंद्रनगर के 53 किलोमीटर लंबे रेलखंडों का शुभारंभ किया।
चुरहट रेलवे स्टेशन पर इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में चुरहट विधानसभा क्षेत्र और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
