विदिशा। UGC के नए नियमों में संशोधन, आरक्षण और अन्य मांगों को लेकर सर्व समाज एकता मंच ने माधवगंज चौराहे से पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों की योजना नीमताल गांधी चौक पर ज्ञापन सौंपने की थी, लेकिन रास्ते में पुलिस की बैरिकेडिंग के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। तिलक चौक पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए और पानी की बौछार की गई। इससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ना शुरू कर दिया। इसके बाद गांधी चौक के पास लगाए गए दूसरे बैरिकेड को भी पार करते हुए मार्च ईदगाह चौराहे स्थित कलेक्ट्रेट के बाहर तक पहुंच गया। यहां पुलिस बल तैनात था और रस्सियों व तारों से बैरिकेड बांधकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की व्यवस्था की गई थी। बाद में नीमताल चौराहे पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
सर्व समाज एकता मंच के जिला सचिव प्रवेंद्र शर्मा ने कहा कि संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों का ज्ञापन देने जा रहा था, लेकिन रास्ते में कई जगह रोका गया और पानी की बौछार की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने जरूरत से ज्यादा दबाव बनाया। शर्मा ने कहा कि मंच आरक्षण में संशोधन, UGC के नए नियमों में बदलाव और अन्य मांगों को लेकर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन को देशभर में आगे बढ़ाया जाएगा।
