इंदौर: क्राइम ब्रांच ने लिम्बोदी स्थित लोटस रेसीडेंसी में दबिश देकर योनो हब ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी डेली ऑर्डर रिवॉर्ड्स के नाम पर लोगों से रुपए जमा करवाते थे और मोबाइल, लैपटॉप व टैबलेट के जरिए लिंक भेजकर उन्हें सट्टे से जोड़ते थे. कार्रवाई में पांच लाख रुपए से ज्यादा का सामान जब्त किया है.
क्राइम ब्रांच को 22 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि ब्रजनयनी कॉलोनी स्थित लोटस रेसीडेंसी के जी-2 में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है. टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी तो जतिन राज पटेल और शुशांत पांडे लैपटॉप व मोबाइल पर सट्टे का काम करते मिले. जांच में जतिन के सैमसंग एस-25 अल्ट्रा मोबाइल में यूजर आईडी और लिंक के जरिए लोगों को जोड़ने के साक्ष्य मिले. मोबाइल में ऐप का एडमिन पैनल खुला था, जिसमें डेली ऑर्डर रिवॉर्ड्स का इंटरफेस दिखाई दे रहा था. आरोपी आसुस टीयूएफ लैपटॉप पर व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को लिंक भेजते थे. इन लिंक के जरिए रुपए जमा करवाकर डेली रिवॉर्ड्स के नाम पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा था.
सीधी जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
आरोपी जतिन राज पटेल 12वीं तक पढ़ा है और फिलहाल बेरोजगार है, जबकि शुशांत पांडे बीकॉम तृतीय वर्ष का छात्र है. दोनों मूल रूप से सीधी जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में रह रहे थे. कार्रवाई में तीन मोबाइल फोन एक सैमसंग एस 25 अल्ट्रा और दो आईफोन 17 प्रो मैक्स एक आसुस टीयूएफ लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, एसबीआई, पीएनबी और एचडीएफसी के तीन डेबिट कार्ड, एक्सिस बैंक के दो क्रेडिट कार्ड और 7,500 रुपए नकद जब्त किए. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 67 हजार 500 रुपए आंकी है.
आरोपियों से नेटवर्क को लेकर की जा रही पूछताछ
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उनसे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की जड़ों और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि क्राइम ब्रांच ऑनलाइन सट्टे और साइबर अपराधों पर लगातार कार्रवाई कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है
