सिंगरौली: विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास कार्यों की प्रगति तेज करने के उद्देश्य से विधायक रामनिवास शाह ने बिलौंजी स्थित विधायक कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में छूटे हुए टोले-मोहल्लों में विद्युतीकरण, भूमिगत विद्युत केबलिंग की योजना और बिजली से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर प्रमुखता से चर्चा की गई।
विधायक रामनिवास शाह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा क्षेत्र में ऐसे टोले-मोहल्लों को चिह्नित किया जाए, जहां 20 से कम घर होने के कारण अब तक विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। इन बसाहटों की सूची तैयार कर वहां बिजली पहुंचाने की संभावनाओं और आवश्यकताओं का आकलन किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल हो सके। बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत भूमिगत विद्युत केबल बिछाने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
इसका उद्देश्य विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बनाना है। अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान विद्युत व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। बैठक में भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल, नीरज पांडेय, युवा मोर्चा सदस्य अनिल शाह, अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह बघेल, नगरीय कार्यपालन अभियंता दिनकर दुबे तथा ग्रामीण कार्यपालन अभियंता ओपी दुबे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
