
सतना: जलापूर्ति एवं राजस्व व्यवस्था के आधुनिकीकरण को लेकर आयुक्त ने शहर के नल कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले बकायादारों के जल कनेक्शन लागू नियमों एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के अधीन स्वतः बंद करने तथा बकाया राशि जमा होने पर पुनः बहाल करने की तकनीकी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया।
इस प्रस्तावित व्यवस्था के क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि राजस्व प्रबंधन को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सके। वहीं राजस्व संग्रहण व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आयुक्त ने जलकर एवं संपत्तिकर की एकसाथ वसूली के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित व्यवस्था से नागरिकों को कर भुगतान की सुविधाजनक प्रणाली उपलब्ध कराने के साथ नगर निगम की राजस्व वसूली को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
