पटना, 13 अक्टूबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की उपासना के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की है कि मां की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
श्री चौधरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में कहा, “मां चंद्रघंटा की उपासना को समर्पित शारदीय नवरात्रि के तृतीय दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
मुख्यमंत्री ने मां चंद्रघंटा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा, “मां चंद्रघंटा की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे। मां सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखें।”
गौरतलब है कि मां चंद्रघंटा को नवदुर्गा का तीसरा स्वरूप माना जाता है। नवरात्र के तीसरे दिन उनकी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित है, जिसके कारण उनका नाम चंद्रघंटा पड़ा। उनका स्वरूप अत्यंत तेजस्वी, सौम्य और कल्याणकारी माना जाता है। सिंह पर सवार मां चंद्रघंटा की दस भुजाएं हैं, जिनमें त्रिशूल, गदा, तलवार, धनुष, बाण, कमल और कमंडल सहित विभिन्न अस्त्र-शस्त्र सुशोभित रहते हैं। उनकी एक भुजा अभय मुद्रा में होती है, जो भक्तों को निर्भयता का संदेश देती है। धार्मिक मान्यता है कि मां चंद्रघंटा की आराधना से भय, संकट और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है तथा भक्तों को साहस, आत्मविश्वास, मानसिक शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। मां चंद्रघंटा को वीरता, शक्ति और शांति का प्रतीक भी माना जाता है।