फायर ब्रिगेड ने पुलिस परिवारों को आगजनी से बचाव का दिया प्रशिक्षण

ग्वालियर। शहर में अग्नि सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13वीं वाहिनी विसबल स्थित न्यू पुलिस आवासीय परिसर में पुलिस परिवारों को आगजनी की घटनाओं से बचाव एवं अग्निशमन उपकरणों के उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

फायर ऑफिसर उमंग प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि न्यू पुलिस आवासीय परिसर में लगभग 1312 पुलिस परिवार निवासरत हैं। फायर ब्रिगेड टीम ने डेमो के माध्यम से परिवारों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी। टीम ने बताया कि आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में किस प्रकार तत्परता एवं सावधानी के साथ अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस परिवारों को आगजनी की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतने, सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने तथा स्वयं एवं अन्य लोगों की जान बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में समझाया गया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे लोग आवश्यकता पड़ने पर इन उपकरणों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।

यह जागरूकता कार्यक्रम 13वीं वाहिनी विसबल की कार्यकारिणी के सहयोग से आयोजित किया गया। परिसर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह परिहार के समन्वय से नगर निगम की फायर ब्रिगेड ने पुलिस परिवारों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की पहल की।

निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में नगर निगम द्वारा नागरिकों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समय रहते सावधानी बरतकर जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

Next Post

ओडिशा लाई गई 15 किलो गांजे की खेप पकड़ाई, 5 तस्कर गिरफ्तार

Sun Oct 11 , 2026
जबलपुर। क्राइम ब्रांच, लार्डगंज, तिलवारा पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए ओडिशा से लाया गया 15 किलो 217 गांजा कीमती लगभग 7 लाख 60 हजार 850 रूपये का जब्त किया है। इसके साथ ही मादक पदार्थ गांजा के कारोबार में 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। एएसपी क्राइम जितेन्द्र सिंह […]

You May Like