
सिवनी। कोतवाली पुलिस ने शहर में हुई चोरी और नकबजनी की छह अलग-अलग वारदातों का सफल खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर अज्जू उर्फ अजय कोष्ठा सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, दोपहिया वाहन तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर सभी मामलों का खुलासा किया।
जांच के दौरान वर्ष 2025 में भैरोगंज क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में शुभम जैन और संदेश सोनकेशरिया को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि चोरी के जेवर आईआईएफएल बैंक में गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया गया था। पुलिस ने बैंक से करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से शेष चोरी का माल और चोरी के पैसों से खरीदी गई कार के संबंध में पूछताछ जारी है।
वर्ष 2026 में गांधी वार्ड, सूफीनगर और नए मोहल्ला क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अज्जू उर्फ अजय कोष्ठा और उसके रिश्तेदार राजकुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। अज्जू कोष्ठा के विरुद्ध पहले से चोरी, नकबजनी सहित 26 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा उसकी हिस्ट्रीशीट वर्ष 2012 से खुली हुई है। दोनों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जबलपुर निवासी महेंद्र उर्फ पिल्लई और सूरज डमार को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर, नकदी और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की। वहीं भैरोगंज में हुई हालिया चोरी के मामले में अतिन हेडाउ को गिरफ्तार कर मोबाइल, पावर बैंक, चार्जर, नकदी तथा सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद की गई।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया है। दो आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ कर शेष चोरी का माल बरामद करने की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, उप निरीक्षक डी.सी. ग्यारसिया, सहायक उप निरीक्षक जगमोहन अधिकारी, जसवंत सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, आरक्षक मनोज पाल, मुकेश गोंडाने, प्रदीप चौधरी, सुधीर डहेरिया, संतोष साहू, दिलीप उइके, चेतन शमो तथा चालक आरक्षक मानू डहेरिया की विशेष भूमिका रही।
