
झाबुआ. जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आईआईटी दिल्ली में 13 नवंबर से समृद्ध जनजातीय विरासत और टिकाऊ विकास कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस आयोजन में झाबुआ-आलिराजपुर अंचल की जनजातीय कला, हस्तशिल्प, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें अंचल की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया गया।
झाबुआ संवाद की प्रेरणा से शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य अंचल की पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, प्रकृति आधारित जीवनशैली, लोकज्ञान और जनजातीय दर्शन को देशभर के लोगों के सामने प्रस्तुत करना था। इसके माध्यम से जनजातीय समाज की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों से संरक्षित पारंपरिक ज्ञान को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया गया।
भारत घुमक्कड़ समाज दर्शन फाउंडेशन की झाबुआ-आलिराजपुर टीम ने कार्यक्रम में जनजातीय समाज की कला और पारंपरिक ज्ञान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी आईआईटी दिल्ली के रेड स्क्वायर और अमूल आईजीएनसीए प्रदर्शनी स्थल पर लगाई गई, जिसमें देशभर से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की रचनात्मकता, प्रकृति के साथ उसके सह-अस्तित्व और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। हस्तशिल्प और लोककलाओं के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जनजातीय समाज का पारंपरिक ज्ञान, प्रकृति के प्रति उसका दृष्टिकोण और जीवनशैली सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है।
भारत घुमक्कड़ समाज दर्शन फाउंडेशन की झाबुआ-आलिराजपुर टीम में सामाजिक उद्यमी, कलाकार, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। यह टीम उद्यमिता, साहित्य एवं सांस्कृतिक दस्तावेजीकरण, ग्रामीण पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यावरण संरक्षण और जनजातीय सांस्कृतिक पहचान के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
टीम का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और कौशल को आजीविका तथा उद्यमिता के नए अवसरों से जोड़ना है। आयोजन में झाबुआ के सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसमें कु. श्वेता चौहान, शबरी जुपटिया, संजय कटारा, अंजू आर्य, संगीता बारेला और राजेंद्र हिड़ोड ने सहभागिता की।
इस आयोजन के माध्यम से टीम ने झाबुआ-आलिराजपुर की समृद्ध संस्कृति और सामाजिक उद्यमिता की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक कला और सामुदायिक ज्ञान को उद्यमिता से जोड़कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करना है। झाबुआ संवाद का यह प्रयास धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।
