इंदौर:किशनगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं. एक मामले में मोबाइल का सॉफ्टवेयर अपडेट होने के दौरान बैंक खाते से 95 हजार रुपए निकल गए, जबकि दूसरे मामले में डेंटल अस्पताल में मौजूद महिला के खाते से यूपीआई के जरिए 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए.महूगांव के शांति नगर निवासी शशिकांत मोर्या ने शिकायत में बताया कि 2 नवंबर को उनके वीवो वाई-300 मोबाइल में ऑटोमैटिक सॉफ्टवेयर अपडेट चल रहा था. इसी दौरान सुबह करीब 10.24 बजे उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बैंक से 95 हजार रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज आया. यह रकम यूपीआई के जरिए व्यास दीपक रवि नाम के व्यक्ति के खाते में जमा हुई थी.
शशिकांत के आईसीआईसीआई बैंक खाते से उनकी अनुमति के बिना यह राशि निकाल ली गई. उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल में फोन-पे और गूगल-पे रजिस्टर्ड हैं. दूसरे मामले में मालवीय नगर निवासी इशिका सिसोदिया ने शिकायत की कि 31 अक्टूबर को झुमरघाट स्थित डेंटल अस्पताल में रहते समय उनके फोन-पे से जुड़े केनरा बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 30 हजार रुपए निकाल लिए. यह रकम दो अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी.खाते से बिना अनुमति रकम निकलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की. दोनों मामलों में किशनगंज पुलिस ने 12 नवंबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के केस दर्ज कर जांच शुरू की है. दोनों घटनाओं में 1 लाख 25 हजार रुपए की साइबर ठगी हुई है.
