
सीतामऊ /नाहरगढ। जिले के नवागत कलेक्टर दिव्यांक सिंह गुरुवार को सीतामऊ क्षेत्र में पहुंचे। कलेक्टर ने एनआरसी केंद्र जाकर बच्चों की सेहत के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण भी किया। सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन साथ थे एवं एसडीएम सुश्री शिवानी गर्ग भी मौजूद रही। इस दौरान कलेक्टर ने एनआरसी केंद्र में भर्ती किए गए कुपोषित बच्चों की सेहत पर सबसे ज्यादा फोकस करते हुए स्नेहपूर्वक दुलार भी किया। एनआरसी प्रभारी को निर्देशित किया कि समय सीमा पर बच्चों को समस्त दवाइयां एवं पोषण आहार उपलब्ध कराई जाए। जिससे बच्चे शीघ्र स्वस्थ हो सके। कलेक्टर ने वहां मौजूद बच्चों की माताओं से भी चर्चा कर जानकारी प्राप्त की, समस्याओं को भी जाना तथा निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर द्वारा अत्यंत संवेदनशीलता के साथ बच्चों के टीकाकरण पोषण नियमित स्वास्थ्य जांच एवं शासन के निर्देश अनुसार दी जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल करते हुए संबंधितों को जरूरी निर्देश दिए। मातृ एवं शिश स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर द्वारा सीतामऊ के एसडीएम कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। कार्यालय की शाखाओं में संधारित कार्यों की समीक्षा की राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति से अवगत हुए। इस दौरान कलेक्टर ने खंड स्तरीय विभागों की समीक्षा बैठक में शासकीय योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। जनपद पंचायत के सीईओ धर्मेंद्र यादव तथा तहसीलदार ,नायब तहसीलदार भी उपस्थित रहे।
अपने दौरे में कलेक्टर सीतामऊ के नटनागर शोध संस्थान भी पहुंचे व लाइब्रेरी का निरीक्षण किया एवं अन्य जानकारी से अवगत हुए।
अपने सीतामऊ क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन जनपद पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया, एवं उसकी गुणवत्ता को परखा। ग्राम कल्याणपुर की गौशाला का भी निरीक्षण किया तथा शासन के प्रावधान अनुसार गौशालाओं को दिए जा रहे अनुदान के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। ग्राम भगोर के वाटरशेड क्षेत्र में निर्मित चेक डैम का निरीक्षण किया एवं वाटरशेड क्षेत्र में पौधारोपण भी कलेक्टर द्वारा किया गया। कलेक्टर द्वारा मियाबाकी में प्लांटेशन का भी निरीक्षण किया गया।
