
उज्जैन। अक्टूबर माह प्रथम सप्ताह बीत चुका है, बावजूद मौसम अब भी मार्च अप्रैल की गर्मी जैसा लग रहा है। दिन का तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है। दिन-रात के तापमान में 18 डिग्री का अंतर बना हुआ है। अधिकतम तापमान में तेजी बनी होने से लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। इस बार वर्षाकाल में पर्याप्त बारिश नहीं होने और औसत से 10 इंच कम बारिश होने के चलते अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह गुजर जाने के बाद भी मौसम में ठंडक नहीं आई है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तामपान 36 डिग्री से अधिक दर्ज हो रहा है।
दिन में उमस और गर्मी मार्च अप्रैल जैसी महसूस हो रही है। जिसके चलते लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। रात के तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच बना हुआ है। सुबह हल्की गुलाबी ठंड लग रही है लेकिन सूर्योदय के साथ ही गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग की माने तो कुछ दिन मौसम का मिजाज नरम गरम बना रहेगा। 20 अक्टूबर बाद मौसम में ठंडक आ सकती है। लेकिन कड़ाके की ठंड के लिये लम्बा इंतजार करना पड़ सकता है। दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड बनी होने का असर आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ता दिखाई दे रहा है। दिन में कूलर एसी की हवा और ठंडने पानी के सेवन से सर्दी जुखाम के साथ बुखार के मरीजों की संख्या में बढोतरी देखी जा रही है।
