जबलपुर: अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ इस कदर गायब हो चुका है कि उन्होंने गढ़ा और कैंट थाना क्षेत्रों में महज कुछ ही घंटों के भीतर तीन लूट की वारदातों को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने कहीं ई-रिक्शा चालक पर हमला कर पैसे लूटे, तो कहीं एनसीसी के हवलदार और प्रापर्टी डीलर के हाथों से कीमती मोबाइल झपट लिए। पुलिस ने तीनों ही मामलों में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार गढ़ा के प्रेमनगर कलारी एमजी शोरूम के पास काले रंग की बाइक पर आए दो लड़कों ने 63 वर्षीय ई-रिक्शा चालक विमल विश्वकर्मा की नाक पर मुक्का मारकर उन्हें घायल कर दिया और 3,500 नगदी से भरा पर्स लूटकर भाग गए। इसी तरह कैंट थाना अंतर्गत कोबरा कैंटीन के पास प्रॉपर्टी डीलर दिनेश कुमार कलवानी से पैदल जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो लड़के उनके हाथ से 40,000 कीमती मोबाइल झपटकर सृजन चौक की तरफ फरार हो गए।
इसी तरह कैंट इलाके में ही नागपुर से ड्यूटी कर लौटे एनसीसी बटालियन के हवलदार प्रवीण कोले सुबह करीब 6 बजे एम्पायर टॉकीज चौराहे के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर आए दो लड़कों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हुलिए और संदिग्ध बाइकों के आधार पर लुटेरों के स्कैच और सुराग जुटाए जा रहे हैं।
