बच्चों से मिलने पहुंची मां का सिर फोड़ा, खून से लथपथ हालत में पहुंची थाने

इंदौर: बच्चों से मिलने ससुराल पहुंची एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि बच्चों को लेकर हुए विवाद में पति ने पाइप से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई. महिला ने जेठ और देवर पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना महू के टाल मोहल्ले की है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद महिला के लहूलुहान होने के फोटो और मारपीट का वीडियो भी सामने आया है.

37 वर्षीय महिला जैनब ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया था. मामला कोर्ट में विचाराधीन है, वह वर्ष 2024 से पति से अलग रह रही है. उसके दोनों बच्चे पिछले सात महीने से पति मोहसीन के साथ रह रहे हैं. महिला का कहना है कि 8 अक्टूबर को बेटी मरियम का जन्मदिन था. बेटी से मिलने के लिए उसने पति को फोन किया तो उसने घर में मेहमान होने का हवाला देते हुए दो दिन बाद आने को कहा. इसके बाद 9 अक्टूबर को वह बच्चों से मिलने ससुराल पहुंची थी. जैनब ने पुलिस को बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे बच्चों से मिलने के बाद वह इंदौर स्थित अपने घर लौट रही थी.

इसी दौरान दोनों बच्चे उसके पीछे आने लगे. उसने पति से बच्चों को संभालने के लिए कहा तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि पति मोहसीन, जेठ मुस्तफा और देवर मोईन ने उसके साथ गाली गलौज की. विरोध करने पर पति ने पास में पड़ा पाइप उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया. इससे सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा. महिला का आरोप है कि जेठ और देवर ने भी उसके साथ हाथ मुक्कों से मारपीट की. शोर सुनकर मोहम्मद तोहिद ने बीच बचाव किया, इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, जेठ और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.

लहूलुहान हालत में पहुंची थाने…
घटना के बाद महिला अपने परिचितों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. मामले में पति मोहसीन, जेठ मुस्तफा और देवर मोईन को आरोपी बनाया है. पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोपों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Next Post

रीवा में पटवारी का कारनामा: 50 हजार घूस नहीं दी तो खरीदी हुई जमीन, मकान को दूसरे के नाम कर दिया

Sat Oct 10 , 2026
रीवा:राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी करने का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आरोप है कि पटवारी को घूस नहीं मिली तो उसने खरीदी गई जमीन, मकान, खेत, खलिहान को दूसरे के नाम दर्ज कर दिया। जबकि तहसीलदार से लेकर कमिश्नर तक उसके पक्ष में आदेश दे चुके हैं। पीड़ित ने […]

You May Like