जबलपुर: माढ़ोताल आईटीआई के पास रविवार शाम बेलगाम कंटेनर ने टूव्हीलर सवार युवती को टक्कर मार दी । टक्कर इतनी जोरदार रही कि हादसे में उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक सुमन भवेदी 18 वर्षीय मूलत: डिंडौरी में रहने वाली घमपुर में किराए के मकान में रहकर रिसोर्ट में काम करती है।
रविवार शाम जब वह अपनी एक्टिवा से जा रही थी वह जैसे ही आईटीआई के पास पहुंची तभी दीनदयाल से बायपास तरफ जा रहे कंटेनर क्रमांक ईबी 13 डीई 2827 के चालक ने वाहन को तेज रफ्तार एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार रही कि वह उछलकर दूर जा गिरी और उसके सिर व हाथ, पैर में गंभीर चोटें आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पहुंंचकर कंटेनर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
