
ग्वालियर। रक्षाबंधन पर परिवार सहित पिता के घर मुंगावली गए कारोबारी के सूने मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। चोर बाउंड्री कूदकर अंदर घुसे और दोनों मंजिलों के गेट और कमरों में रखी अलमारियों व दीवान-पलंग के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर ले गए। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र के संभाजी विलास कॉलोनी की है।
जानकारी के अनुसार माधौगंज थाना क्षेत्र के संभाजी विलास कॉलोनी निवासी हर्षवर्धन सिंह तोमर पुत्र यशवंत सिंह तोमर का कपड़ों का कारोबार है। उनके पिता सरकारी कर्मचारी हैं और मुंगावली जिला अशोकनगर में रहते हैं।
पीड़ित 26 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने अपने पिता के घर मुंगावली गया था। घर की देखरेख के लिए मुंह बोले मामा साधु सिंह गुर्जर को छोड़ गए थे।
मामा दो दिन तक घर पर रहे, लेकिन 27 अगस्त की रात उनका स्वास्थ्य खराब हो गया। इसके चलते साधु सिंह 28 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे घर पर ताला लगाकर अपने घर चले गए। दो दिन बाद जब स्वास्थ्य ठीक हुआ तो वह मकान की देखरेख के लिए पहुंचे।
अंदर जाकर देखा तो हर मंजिल के हर कमरे का ताला टूटा हुआ था। अलमारियां खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने पूरी इत्मीनान से हर जगह तलाशी ली थी। मामले का पता चलते ही उन्होंने हर्षवर्धन को सूचना दी। सूचना मिलने पर हर्षवर्धन परिवार सहित 31 अगस्त की रात करीब 3 बजे ग्वालियर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोर करीब दो लाख रुपए नकद के साथ करीब बीस तोला सोने के जेवर और चांदी के आभूषण ले गए हैं। इसमें सोने के पांच हार, दस लेडीज अंगूठी, एक जेंट्स अंगूठी, 12 सोने की चूड़ियां, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो जोड़ी चांदी की पायल और एक चांदी की चेन शामिल है। कुल नुकसान करीब 30 लाख रुपए आंका गया है।
सूचना मिलते ही माधौगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इनका कहना है..
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो तीन संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। हमें कुछ सुराग मिले हैं, उनका सत्यापन किया जा रहा है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
दिव्या तिवारी
थाना प्रभारी माधौगंज
