बंजारा समाज के आराध्य देव का बोर्ड तालाब में फेंका:आक्रोशित लोगों ने एसपी ऑफिस घेरा, 7 दिन में गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नीमच। जिले के जावद तहसील के चिरमीखेड़ा गांव में बंजारा समाज के आराध्य देव श्री रूप सिंह महाराज का बोर्ड उखाडक़र तालाब में फेंक दिया गया। इस घटना से समाज के लोगों में भारी गुस्सा है। कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे नाराज समाजजनों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।

बंजारा रूप सेवा संगठन मध्य प्रदेश के बैनर तले बड़ी संख्या में समाजजन कलेक्ट्रेट स्थित एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय का घेराव किया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीशनल एसपी) हेमलता अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 तारीख की रात को हुई थी। असामाजिक तत्वों ने चिरमीखेड़ा गांव में लगे श्री रूप सिंह महाराज के बोर्ड को उखाडक़र पास के तालाब में फेंक दिया था। अगले ही दिन बंजारा समाज के प्रतिनिधियों ने डिकेन पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे समाज में गहरा असंतोष है।

एसपी ऑफिस पहुंचे बंजारा समाज के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में साफ चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर अगले 7 दिनों के भीतर धार्मिक भावनाएं भडक़ाने और बोर्ड उखाडऩे वाले असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पूरा बंजारा समाज जिलेभर में बड़ा आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपते समय बंजारा रूप सेवा संगठन के पदाधिकारी और नीमच-जावद क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे।

Next Post

कनावटी फोरलेन पर ठेकेदार की लापरवाही से युवक की मौत

Thu Sep 3 , 2026
नीमच। नीमच के केंट थाना इलाके में बुधवार देर शाम एक सडक़ हादसा हो गया। यह हादसा कनावटी स्थित ज्ञानोदय कॉलेज के पास निर्माणाधीन सिटी फोरलेन पर हुआ। ठेकेदार की लापरवाही के कारण जावद फांटे से घर लौट रहे कनावटी निवासी परसराम पिता बाबूलाल गाड़ी लोहार (22) की बाइक बेकाबू […]

You May Like