ग्वालियर: शहर में इन्फ्लूएंजा एच1एन1 स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जिले में लंबे समय बाद स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मरीज 17 वर्षीय छात्र है, जो आंध्र प्रदेश के गुंटूर से ग्वालियर लौटा था। लौटने के बाद उसमें बुखार और खांसी के लक्षण दिखे, जांच में (एच1एन1)पॉजिटिव पाया गया। समय पर इलाज मिलने से वह पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुका है।
दूसरा मरीज पिंटो पार्क निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग है, जो हाल ही में मालदीव की यात्रा से लौटा है। यात्रा से लौटने के बाद तबीयत बिगड़ने पर जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल बुजुर्ग का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।मामले सामने आने के बाद सीएमएचओ डॉ. एम.एस. सागर ने जिले में अलर्ट जारी किया है।
उन्होंने कहा कि तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को मौसम बदलाव समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल में जांच कराएं।स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय कर दिया है और दोनों मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग और निगरानी शुरू कर दी गई है। साथ ही लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने और हाथों की सफाई रखने की अपील की गई है।
