
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को भोपाल स्थित इंदिरा भवन में रीवा संभाग के संगठन की तैयारियों और गतिविधियों की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में रीवा, मैहर, मऊगंज, सतना, सीधी और सिंगरौली जिलों के जिला अध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी तथा जिला प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में संगठन की रणनीति, जमीनी स्तर पर पार्टी के नेटवर्क को मजबूत करने तथा जिला एवं विधानसभा स्तर की इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और प्रदेश महामंत्री गौरव रघुवंशी भी बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया और क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि रीवा संभाग में कांग्रेस संगठन एकजुट है और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जमीनी स्तर पर सक्रियता मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
