20 अक्टूबर से शुरू होगी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ 20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू होगी। यात्रा का पहला 11 दिवसीय चरण 20 से 30 अक्टूबर तक चलेगा। यह यात्रा ओरछा होते हुए अयोध्या की ओर बढ़ेगी। पहले चरण में उज्जैन, देवास, शाजापुर और राजगढ़ जिलों के विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य सत्य, न्याय, नैतिक आचरण और स्वाभिमान के मूल्यों को बढ़ावा देना है। इसके अलावा मंदिरों में मिलने वाले दान और चढ़ावे, निर्माण कार्यों तथा धार्मिक संपत्तियों से जुड़ी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई जाएगी। यात्रा के दौरान लोकतंत्र की रक्षा, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तथा नागरिकों के मतदान के अधिकार जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

यात्रा की शुरुआत उज्जैन स्थित चिंतामण गणेश और महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद मिट्टी के शिवलिंग निर्माण से संबंधित धार्मिक अनुष्ठान किया जाएगा। यात्रा के प्रमुख पड़ावों में सिंदूरिया, तराना, शाजापुर, सारंगपुर, गुलावता, खुजनेर और राजगढ़ शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान किसानों और स्थानीय नागरिकों से संवाद, धार्मिक सभाएं, मंदिर दर्शन और आध्यात्मिक आयोजन होंगे। 24 अक्टूबर को शाजापुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यात कबीर गायक प्रहलाद टिपणिया की भजन संध्या आयोजित की जाएगी। वहीं, 28 अक्टूबर को गुलावता में कबीर आश्रम का उद्घाटन प्रस्तावित है।

आयोजकों ने यात्रा मार्ग के ग्रामीणों, किसानों, युवाओं, श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से यात्रा का स्वागत करने और कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है.

 

Next Post

प्रशासन ने आज दो स्थानों से हटाया अतिक्रमण

Sat Oct 10 , 2026
इंदौर:शहर में सरकारी जमीनों से कब्जे हटाने की मुहिम निरंतर चलाई जा रही है. इसी कड़ी में शुक्रवार को दो तहसील क्षेत्रों में सरकारी जस्मीन को कब्जे से मुक्त कराया गया. इसके तहत बिचौली हप्सी में पट्टे की भूमि पर अवैध प्लॉट और मल्हारगंज तहसील में संजीवनी क्लिनिक की जमीन […]

You May Like

Play sound