ग्वालियर: गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित श्री सांई मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में बाथरूम करने की बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि चार लोगों ने अस्पताल के मुख्य गेट का कांच तोड़ दिया और संचालक व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। करीब 30 मिनट तक चले हंगामे की घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।अस्पताल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पंचशील नगर मेला ग्राउंड स्थित श्री सांई मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. हिरदेश जयंत ने गोला का मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रात में वे अपने साथी विनोद शर्मा के साथ अस्पताल में मौजूद थे। इसी दौरान अस्पताल में भर्ती एक मरीज का अटेंडर पास में रहने वाले दीपक किरार के मकान के पास बाथरूम करने चला गया। इस बात से नाराज होकर दीपक किरार, बंटी किरार, कालू किरार और अन्नू किरार अस्पताल के बाहर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को गालियां देना शुरू कर दिया।
मुख्य गेट का कांच तोड़ा, अंदर घुसकर की मारपीट
अस्पताल संचालक और कर्मचारियों ने विरोध किया तो आरोपी उग्र हो गए। उन्होंने मुख्य गेट का कांच तोड़ दिया और जबरन अस्पताल के अंदर घुस आए। डॉ. जयंत ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई।
मारपीट में चार कर्मचारी घायल
घटना में अस्पताल के चार कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें सुनील कुशवाह के सिर के पिछले हिस्से में अंदरूनी चोट आई है। विवेक अहिरवार की बाईं कलाई और पीठ पर चोट लगी है। अभिषेक चौरसिया के बाएं कान के पीछे सिर में चोट आई, जबकि करण वाल्मीकि की कमर के दाहिने हिस्से में अंदरूनी चोट लगी है। घटना के दौरान मौजूद ललित मोहन शुक्ला, सागर राजावत और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद अस्पताल संचालक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
गोला का मंदिर पुलिस के अनुसार अस्पताल में मारपीट की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
