ग्वालियर:मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य से अलग नहीं, बल्कि सामान्य स्वास्थ्य का अभिन्न अंग है। इसे बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित खानपान और स्वस्थ सामाजिक संबंध जरूरी हैं। यह बात मानसिक आरोग्यशाला के डायरेक्टर संजय लहारिया ने कही।जीवाजी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन राष्ट्रीय टास्क फोर्स-मेंटल हेल्थ और स्कूल ऑफ स्टडीज इन साइकोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। अध्यक्षता प्रभारी कुलगुरु विवेक बापट ने की। लहारिया ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने, परिवार व मित्रों से संवाद बनाए रखने और तनाव होने पर समय पर सहायता लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम में स्टोरीटेलिंग, पोस्टर और क्विज प्रतियोगिताएं हुईं। स्टोरीटेलिंग में मुकुल शर्मा प्रथम, गगन शिवहरे द्वितीय और सार्थक साहू तृतीय रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में राशि जायसवाल ने प्रथम, रहनुमा खातून ने द्वितीय और मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज में रश्मि प्रथम, उद्देश्य यादव द्वितीय और तनिष्का तृतीय रहीं।
निर्णायक मंडल में अंकुर श्रीवास्तव, सिल्की चौधरी, याशी जैन, अमृता, प्रीति कुशवाह और निशा कुशवाह शामिल रहे। आयोजन में साइकोलॉजी विभाग के कोऑर्डिनेटर केएस ठाकुर, नोडल अधिकारी साधना श्रीवास्तव और सुनिशा कुलकर्णी का योगदान रहा।
