
मनासा। शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय, मनासा के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र आसिफ अली ने भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने 65 किलोग्राम भार वर्ग में संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय एवं मनासा नगर को गौरवान्वित किया।
9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को पीएम श्री शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंदसौर में संभाग स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें संभाग के सात जिलों के विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में आसिफ अली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
आसिफ की इस उपलब्धि के बाद अब वे गुजरात के मेहसाणा में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। उनकी सफलता से महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल जैन, डॉ आशीष द्विवेदी एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. जगदीश विजयवर्गीय ने आसिफ अली को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
