
सिंगरौली । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा अभियान गतिविधि के तहत नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 41 स्थित हरित क्षेत्र मुक्तिधाम गनियारी में वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में म.प्र. शासन की राज्यमंत्री राधा सिंह, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय एवं ननि आयुक्त सविता प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री राधा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पौधारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण एवं संवर्धन करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं सिंगरौली विधायक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाजसेवा और जनभागीदारी के माध्यम से विकास एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। साथ ही देवसर विधायक ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। हरित क्षेत्र का विस्तार और पौधों का संरक्षण आने वाली पीड़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर वित्त अनुपम दुबे, स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी सहित ननि के अधिकारी ने पौधारोपण का पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
