सात अप्रैल तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला तो बिजली, पुलों जैसे बुनियादी ढांचे पर होगा हमला, ट्रम्प की ईरान को धमकी

वॉशिंगटन, 05 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान को सात अप्रैल तक का समय देकर कहा है कि अगर हॉर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला तो वह अब ईरान के बिजली घरों और पुलों जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनायेगा।

श्री ट्रम्प ने अपने ट्रूथ सोशल अकाउंट पर सात अप्रैल ‘मंगलवार’ को ‘पावर प्लांट डे’ और ‘ब्रिज डे’ घोषित कर दिया है। ट्रम्प ने ईरान को झुकाने के लिए अब शायद वहां के आम जनजीवन और अर्थव्यवस्था पर निशाना साधने के लिए खुद को तैयार कर लिया है।

उन्होंने पोस्ट किया है, “ईरान में मंगलवार ‘पावर प्लांट डे’ और ‘ब्रिज डे’ होगा, सब कुछ एक साथ। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा!!! इसके आगे उन्होंने अपशब्द कहते हुए लिखा, …स्ट्रेट को खोल दो, तुम पागल बेवकूफों, वरना तुम नर्क में रहोगे – बस देखते जाओ! अल्लाह की जय हो।”

इस पूरी धमकी के केंद्र में होर्मुज जलडमरूमध्य है, जिसे ट्रंप ने अपनी पोस्ट में ‘स्ट्रेट’ कहकर संबोधित किया है। यह समुद्री रास्ता वैश्विक अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है, क्योंकि दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल यहीं से गुजरता है। फरवरी 2026 में युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने इस रास्ते पर कड़ा नियंत्रण कर लिया है। इससे दुनिया भर में तेल की आपूर्ति बाधित हुई है और कीमतें काफी ज्यादा बढ़ गयी हैं। ट्रंप का “इसे खोल दो” कहना इसी वैश्विक संकट को खत्म करने की अंतिम चेतावनी है।

इससे पहले हालांकि श्री ट्रंप धमकी देकर हर बार समय-सीमा बढ़ाते रहे हैं और उसके बाद फिर धमकी देते हैं। सबसे पहले 21 मार्च को श्री ट्रंप ने ईरान को केवल 48 घंटे का समय दिया था। इसके बाद जब 26 मार्च को इस समय-सीमा को 10 दिनों के लिए बढ़ा दिया था। उन्होंने कहा था कि ईरान शांति वार्ता के लिए उत्सुक है और इस दिशा में मध्यस्थों के जरिये हो रही बातचीत सकारात्मक रही है और ऊर्जा संयंत्रों पर संभावित हमले को छह अप्रैल तक टाल दिया था। अब पांच अप्रैल की इस ताजा पोस्ट के जरिये श्री ट्रंप ने फिर ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की धमकी दी है।

 

 

Next Post

खड़े ट्रक से टकराई अनियंत्रित बाइक, सिवनी के 3 युवकों की मौत

Sun Apr 5 , 2026
जबलपुर। बरगी थाना अंतर्गत गजना नाला के पास जबलपुर- नागपुर नेशनल हाईवे पर बीती रात रोंगटे खड़े कर देने वाला सडक़ हादसा हो गया। सडक़ किनारे खड़े एक खराब ट्रक में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के पीछे से घुस जाने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत […]

You May Like