नयी दिल्ली 10 नवंबर (वार्ता) भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ) को पक्षपातपूर्ण और अधूरी जानकारी रखने वाला संगठन बताया है और आरोप लगाया है कि वह अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ नफरत या अपराधों पर चुप्पी साधे रहता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि इस आयोग और इसके आयुक्तों ने अमेरिका में धार्मिक स्थलों पर हुए हमलों, भारतीय समुदाय को निशाना बनाकर किए गए नफरत से प्रेरित अपराधों और नस्लीय दुर्व्यवहार के मामलों पर हमेशा चुप्पी साधे रखी है।
प्रवक्ता ने कहा कि इस संगठन का एजेंडा पूरी तरह राजनीतिक है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे पूर्वाग्रह से ग्रस्त संगठन को आखिर कितनी गंभीरता से लिया जा सकता है। श्री जायसवाल ने कहा,”जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, यूएससीआईआरएफ एक पक्षपातपूर्ण और अधूरी जानकारी रखने वाला संगठन है, जिसका एजेंडा पूरी तरह से राजनीतिक है। यह बात विशेष रूप से ध्यान देने योग्य है कि इस आयोग और इसके आयुक्तों ने अमेरिका में धार्मिक स्थलों पर हुए हमलों, और वहां भारतीय समुदाय को निशाना बनाकर किये गये नफरत से प्रेरित अपराधों ‘हेट क्राइम’ तथा नस्लीय दुर्व्यवहार के मामलों पर हमेशा चुप्पी साधे रखी है। ऐसे पूर्वाग्रह से ग्रस्त संगठन को शायद ही गंभीरता से लिया जा सकता है।”
उल्लेखनीय है कि इस आयोग ने दावा किया है कि भारत में धार्मिक स्वतंत्रता का व्यवस्थित और गंभीर उल्लंघन हो रहा है।

