
सिंगरौली । जनविश्वास कार्यक्रम के अंतर्गत आज शुक्रवार को तियरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल ने निर्माणाधीन माइनिंग कॉलेज का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। 56 करोड़ की लागत से निर्मित हो रहे कॉलेज के फेज-1 का कार्य तेजी से प्रगति पर है और अब अंतिम चरण में है। कॉलेज भवन को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। फेज-1 में कॉलेज भवन, लाइब्रेरी एवं हॉस्टल का निर्माण शामिल है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। फेज-2 का कार्य भी जल्द होगा प्रारंभ।
लगभग 30 करोड़ की लागत से प्रस्तावित फेज-2 में ऑडिटोरियम, गेस्ट हाउस, अतिरिक्त हॉस्टल तथा आवश्यक फर्नीचर सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे माइनिंग कॉलेज का आधारभूत ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान जिपं सीईओ , पीआईयू के कार्यपालन यंत्री सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
