
सौंसर, शहर में हाइवे पर स्थित साईं मंदिर चौराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर की चपेट में आने से यह जानलेवा दुर्घटना घटी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पलातरा बिछुआ ब्लॉक निवासी सुजित बन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुजित का मासूम बच्चा स्थानीय बोकड़े हॉस्पिटल में भर्ती था। वह अपने बीमार बच्चे की देखरेख और उसका हालचाल जानने के लिए अस्पताल की ओर जा रहा था, तभी साईं मंदिर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
