सागर: पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया द्वारा थाना गौरझामर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी देवरी अरुण उइके, थाना प्रभारी गौरझामर नासिर फारूकी सहित थाने के समस्त विवेचक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।पुलिस अधीक्षक श्री सुजानिया ने थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निराकरण, कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले एवं अच्छे टर्नआउट वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखते हुए बेहतर पुलिसिंग करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया द्वारा थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
