
इंदौर. सेंट्रल जेल में बड़ी संख्या में कैदियों के बुखार से पीड़ित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेल पहुंचकर जांच की. जांच के दौरान तीन कैदियों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य कैदियों में टाइफाइड की शिकायत सामने आई है. इसके बाद बीमार कैदियों के स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है.
जेल प्रशासन के मुताबिक, बुखार से पीड़ित कुछ कैदियों के प्लेटलेट्स कम होने की रिपोर्ट भी आई है, इन कैदियों का उपचार चल रहा है. जेल में प्रतिदिन करीब 150 कैदियों की ओपीडी होती है, जिसमें बीमार कैदियों की जांच और उपचार किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी जेल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कैदियों की जांच की. इस बीच एक कैदी की मौत को लेकर भी जानकारी सामने आई थी. जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे ने इसका खंडन करते हुए कहा कि पिछले पांच दिनों में जेल में एक भी कैदी की मौत नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि कुछ कैदियों के प्लेटलेट्स कम हुए हैं, लेकिन यह बुखार के कारण है और उनका इलाज किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम भी लगातार जांच कर रही है.
