पूरी तरह तबाह हो रहा है ईरान , नये आर्थिक दबाव अभियान से पहले ट्रंप का दावा

वाशिंगटन, 24 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि ईरान पूरी तरह से तबाह हो रहा है!

श्री ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आयी है, जब देश की पहले से बदहाल अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ाने के उद्देश्य से नये प्रतिबंधों की अमेरिकी घोषणा से ठीक पहले तेहरान की मुद्रा (रियाल) रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिर गयी है।

श्री ट्रंप की ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह संक्षिप्त पोस्ट तब आयी, जब अमेरिकी वित्त विभाग ईरान के साथ व्यापारिक संबंध रखने वाली संस्थाओं और देशों के खिलाफ द्वितीयक प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रहा था। इन उपायों का मकसद अन्य देशों को तेहरान के साथ व्यावसायिक संबंध तोड़ने के लिए अंतिम चेतावनी देना है। यह अभियान अमेरिका के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिसके तहत वह लगभग छह महीने से जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए दबाव बना रहा है। इस संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही बाधित हुई है और खाड़ी देशों से ऊर्जा निर्यात प्रभावित हुआ है।

वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से सोमवार को श्री ट्रंप के वादा किये गये आर्थिक ‘डी-डे’ के बारे में विस्तृत जानकारी देने की उम्मीद थी। इसमें ऐसे उपाय शामिल हैं, जो देशों को प्रभावी रूप से ईरान के साथ संबंध बनाये रखने या डॉलर-आधारित वित्तीय प्रणाली में अपनी प्रमुख कंपनियों व संस्थाओं की पहुंच बरकरार रखने के बीच चयन करने के लिए मजबूर कर सकते हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, पिछले हफ्ते श्री ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत फिर से शुरू करने के प्रयास के तहत पाकिस्तान के सेना प्रमुख से बात की थी, क्योंकि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिये जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध जारी रखा है, जिससे वैश्विक शिपिंग लागत बढ़ गयी है।

इस बीच, ईरान ने इन नये प्रतिबंधों के संभावित प्रभाव को कम कर आंकने की कोशिश की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरान पर दबाव बनाने के अमेरिकी प्रयास पहले भी विफल रहे हैं और ईरानी जनता यह दिखायेगी कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध और दृढ़ हैं।”

श्री बघाई ने कहा कि ये नये कदम ट्रंप प्रशासन के गलत आकलन को दर्शाते हैं। उन्होंने ट्रंप प्रशासन पर यह मान लेने का आरोप लगाया कि “सैन्य आक्रामकता ईरानियों को घुटनों पर ला सकती है।”

 

Next Post

एसएफआईसी डेटा एनालिटिक्स के आधार पर की कड़ी कार्रवाई  530 से अधिक दोषियों पर एफ.आई.आर. 

Mon Aug 24 , 2026
भोपाल। राज्य में शासकीय निधियों के संरक्षण और वित्तीय पारदर्शिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की जा रही निगरानी के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। स्टेट फाइनेंशियल इंटेलिजेस सेल (एसएफआईसी) द्वारा डेटा एनालिटिक्स के आधार पर किए गए गहन विश्लेषण के बाद 530 से अधिक आरोपियों पर कड़ी कानूनी […]

You May Like